देहरादून। एक दुःखद समाचार सामने आया है। विकासनगर क्षेत्र के कालसी तहसील के बैराटखाई–गागंरोऊ मोटर मार्ग पर सवारियों से भरा एक यूटिलिटी वाहन गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि 5 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक,,,,,, मंगलवार को एक यूटिलिटी वाहन संख्या यूके-07-टीबी-2455, कालसी तहसील क्षेत्र के गागंरोऊ गांव से सवारियों को लेकर विकासनगर की ओर जा रहा था। जिसमें चालक समेत करीब आठ लोग सवार थे। बताया गया है कि जैसे ही वाहन वायाधार के समीप पहुंचा, चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई। घटना में गागंरोऊ गांव निवासी 65 वर्षीय लूसो देवी पत्नी नंदूदास की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशासन को जानकारी दी। स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम ने मिलकर कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को खाई से बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल विकासनगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दो और महिलाओं ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान गीता देवी (35 वर्ष) पत्नी प्रकाश खन्ना, निवासी खुशियो और धनो देवी (53 वर्ष) पत्नी संतू दास, निवासी ग्राम चिट्टाड के रूप में हुई है। दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उनकी हालत बिगड़ती चली गई।
वहीं पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर सड़क की स्थिति और वाहन नियंत्रण खोने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।

