रामनगर गर्जिया मंदिर में निर्माण कार्य के दौरान टीले में एक गुफा मिलने की सूचना मिली। इस सूचना पर मंदिर के आस पास लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बताते चलें कि मंदिर की सुरक्षा के लिए टीले का सुरक्षा निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान मंदिर के नीचे गुफा दिखाई दी। देखने वालों की भीड़ लगने पर सुरक्षा की दृष्टि से विभाग ने गुफा को बंद कर दिया है। गर्जिया मंदिर वर्षों से नदी के बीच 50 फुट के टीले पर स्थित है। नदी द्वारा किए जा रहे कटाव से कमजोर हो रहे टीले कि सुरक्षा के लिए ब्लॉक बनाए जाने का कार्य चल रहा है। बृहस्पतिवार को कार्य किए जाने के दौरान गुफा मिली। मंदिर के पुजारी शुभम पांडे ने बताया कि 1970 से पूर्व टीले के नीचे से मवेशियों के आने जाने के लिए यह गुफा काम आती थी। पानी द्वारा हो रहे कटाव के मद्देनजर इसे बंद कर दिया गया था।

