देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए प्रारंभिक शिक्षा निदेशक कार्यालय में सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली के साथ लक्ष्मण नवानी, राकेश थपलियाल और अक्षय राणा शामिल हैं।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल की तहरीर पर लोक सेवक के कार्य में बाधा, मारपीट, बलवा, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, जान से मारने की धमकी और गाली-गलौज सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं, विधायक की सुरक्षा में तैनात कांस्टेबल सुशील रमोला की शिकायत पर भी संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ चोट पहुंचाने और हमला करने के आरोप में अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

