हल्दुचौड़: दौलिया में निःशुल्क थायराइड जांच शिविर सफल, 60 लोगों ने कराई जांच ।

खबरें शेयर करें -

हल्दुचौड़  ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से माधवी फाउंडेशन द्वारा मंगलवार, 24 फरवरी 2026 को HCM जूनियर हाई स्कूल, दौलिया परिसर में निःशुल्क थायराइड जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित रहा।

यह शिविर माधवी फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री पीयूष जोशी के नेतृत्व में तथा एसआरएल लैब के सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लगभग 60 लोगों ने निःशुल्क थायराइड जांच कराकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

एसआरएल लैब की ओर से कलेक्शन सेंटर ऑनर सुश्री सुनैना सिजवाली एवं श्री अनिल राठौर शिविर में उपस्थित रहे और जांच प्रक्रिया का संचालन किया। उन्होंने प्रतिभागियों को थायराइड से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं परामर्श भी प्रदान किया।

शिविर के दौरान छात्र संघ कोषाध्यक्ष कमल पांडे, छात्र संघ उपाध्यक्ष संजना पांडे, विद्यालय प्रबंधक सौरभ पंत सहित दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं।

माधवी फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री पीयूष जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में थायराइड की समस्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे वजन में असामान्य परिवर्तन, अत्यधिक थकान, बाल झड़ना एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में समय-समय पर जांच कराना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि संस्था भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करती रहेगी।

कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया गया तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज निर्माण के संकल्प को दोहराया गया।


खबरें शेयर करें -