उत्तराखंड एक महिला को हरिद्वार, रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में महिला असहाय अवस्था में खंभे से बंधी है और कुछ लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
प्राप्त जानकारी में,,,,, महिला पर आरोप लगाया गया था कि उसने घर में घुसकर बच्चों का गला दबाने की कोशिश की. इसी शक के आधार पर स्थानीय लोगों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए महिला को पकड़ लिया और खंभे से बांधकर उसकी पिटाई कर दी. घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने के बजाय मारपीट का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि बाद में महिला के परिजन मौके पर पहुंचे तो दूसरे पक्ष के लोगों के साथ उनकी भी जमकर मारपीट हो गई. दोनों पक्षों के बीच हुए इस विवाद से इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
रानीपुर कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बातचीत में बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को हिरासत में लिया है. उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के समय कौन-कौन लोग शामिल थे। कोतवाल शांति कुमार गंगवार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की मानसिक स्थिति कुछ हद तक ठीक नहीं है. इस पहलू को भी जांच में शामिल किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

