देहरादून जी हां एक बार फिर उत्तराखंड में मौसम बदलने वाला है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई इलाकों में तेज धूप और आंशिक बादल देखने को मिल रहे हैं, लेकिन जल्द ही मौसम करवट ले सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार ,,,,,प्रदेश में 15 मार्च से हल्का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 16 मार्च को उत्तराखंड के लगभग सभी जिलों में मौसम बदल सकता है और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय जिलों जैसे उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना है। वहीं कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
मैदानी जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर और नैनीताल समेत कई जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

