भीमताल कहीं भालू, कहीं बाघ, गुलदार के हमलों से उत्तराखंड में दहशत का माहौल हो गया है। ग्रामीण जनों का घरों से बाहर निकलना दूभर हो रहा है। जिससे लोगों की दिनचर्या और आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। निरंतर पशुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। बीते शुक्रवार को ही धारी ब्लॉक में जानवरों के लिए चारा लेने गई 35 वर्षीय महिला को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया था। इस घटना के पांचवें दिन ही मंगलवार को ओखलकांडा में दिनदहाड़े गुलदार ने हमला कर एक महिला को मार डाला। इस दर्दनाक घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक,,,,, मंगलवार को ग्राम सभा चमोली निवासी रेखा देवी पत्नी पान सिंह चिलवाल को गुलदार ने दिनदहाड़े हमला कर अपना शिकार बना लिया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके के लिए रवाना हो गए। इस घटना से ग्रामीणों में भय और वन विभाग के खिलाफ आक्रोश का भी माहौल है। प्रशासन की ओर से क्षेत्रवासियों से अनावश्यक बाहर ना घूमने की अपील की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से ठोस व स्थायी समाधान की मांग की है ।

