हल्द्वानी: सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक की दर्दनाक मौत, आरोपी कैंटर चालक गिरफ्तार।

खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक की जान चली गई। मृतक की पहचान 44 वर्षीय अजय सिंह कुंजवाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गौलापार पश्चिमी खेड़ा के रहने वाले थे और काठगोदाम डिपो में ड्राइवर के पद पर तैनात थे।

मिली जानकारी के मुताबिक, अजय सिंह रविवार देर रात अपनी ड्यूटी खत्म करके वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अपने घर के पास पहुँचे, तभी चोरगलिया की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुँचे। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन जख्मों के ताव न सहते हुए उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद कैंटर चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और मामले की तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए फरार कैंटर चालक को गाड़ी समेत गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।

इस अचानक हुए हादसे से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। अजय सिंह अपने पीछे तीन बच्चे (दो बेटियां और एक छोटा बेटा) छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि यह इस परिवार के लिए दूसरा बड़ा झटका है, क्योंकि कुछ साल पहले मृतक के बड़े भाई की मौत भी एक सड़क हादसे में ही हुई थी।


खबरें शेयर करें -