नैनीताल: सरिताताल झील में गिरी पर्यटकों की कार, बाल-बाल बचीं 4 जानें।

खबरें शेयर करें -

नैनीताल उत्तराखंड के मशहूर पर्यटन स्थल नैनीताल के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नैनीताल घूमने आए पर्यटकों की एक अनियंत्रित कार सीधे सरिताताल झील में जा समाई। गनीमत यह रही कि समय रहते सभी चारों पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

उत्तर प्रदेश के नंबर (UP-21-CC-1213) वाली इस कार में मुरादाबाद के रहने वाले आलम और बुलंदशहर के उमेर अपनी दो महिला मित्रों के साथ सोमवार को नैनीताल घूमने आए थे। वापसी के दौरान जब उनकी कार कालाढूंगी रोड पर सरिताताल के पास पहुँची, तभी चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। कार सड़क से फिसलती हुई सीधे गहरी झील में जा गिरी।

स्थानीय निवासी अभय बवाड़ी के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद कुछ लोग तो खुद ही कार से बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि बाकी दो यात्रियों को आस-पास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए सुरक्षित बाहर खींच लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक सभी पर्यटक वहाँ से रवाना हो चुके थे। मंगोली चौकी प्रभारी राधिका भंडारी ने पुष्टि की है कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है। फिलहाल पुलिस की निगरानी में क्रेन के ज़रिए कार को झील से बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।


खबरें शेयर करें -