हल्द्वानी जैसलमेर में तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के 53 वर्षीय हेड कांस्टेबल सत्यपाल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह 27 जून को रानीखेत एक्सप्रेस से छुट्टी पर अपने घर रुड़की (हरिद्वार) लौट रहे थे। इसी दौरान 29 जून की सुबह काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के जनरल डिब्बे में वह बेहोश पाए गए। आनन-फानन में जीआरपी ने उन्हें हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के पास मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान हो सकी। आशंका जताई जा रही है कि सफर के दौरान वह किसी जहरखुरानी गिरोह (नशाखुरानी) का शिकार हो गए थे। फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं सौंपी गई है।
काठगोदाम: रेलवे स्टेशन पर बेहोश मिले BSF हेड कांस्टेबल की मौत, जहरखुरानी की आशंका।
