SSP उधम सिंह नगर ने कड़ा रुख अपनाते हुए मृतक सुखवंत सिंह पुत्र तेजा सिंह, निवासी पैगा, के आत्महत्या मामले में घोर लापरवाही और उदासीनता सामने आने पर सख्त कदम उठाए हैं। CM धामी के संज्ञान में आने पर पहले ही इस मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए जा चुके हैं। अब जांच की निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कोतवाली ITI के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक कुन्दन सिंह रौतेला एवं उपनिरीक्षक प्रकाश बिष्ट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्यवाही प्रस्तावित/प्रचलित है।
निलंबन अवधि के दौरान उन्हें मूल नियम-53 के तहत अर्द्ध औसत वेतन के बराबर जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा, साथ ही पुलिस लाइन्स में रहना अनिवार्य किया गया है। यह भत्ता इस शर्त पर दिया जाएगा कि संबंधित अधिकारी किसी अन्य सेवायोजन, व्यापार या व्यवसाय में संलग्न न हों, जिसका प्रमाण उन्हें प्रस्तुत करना होगा।
विस्तृत प्रारंभिक जांच के लिए SP क्राइम एवं टीआरजी, ऊधमसिंहनगर को निर्देशित किया गया है। उन्हें निर्धारित समयसीमा में तथ्यात्मक और स्पष्ट जांच आख्या प्रस्तुत करनी होगी।
साथ ही चौकी पैगा, कोतवाली आईटीआई में तैनात कुल 10 पुलिस कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर पुलिस लाइन्स, रुद्रपुर में आमद के निर्देश दिए गए हैं।

