हल्द्वानी शहर में लगभग हर कॉलोनी, नुक्कड़ों पर सुनार की दुकानें खुल चुकी है। और हर दुकान की कोई प्रमाणिकता भी नहीं है। शहर से ही आभूषण बनाने के नाम पर एक धोखाधडी का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी होते ही SSP नैनीताल ने पुलिस और एसओजी को आरोपी सुनार को पकड़ने के निर्देश दे दिए हैं।
दरअसल मंगलवार को लगभग दर्जनभर लोग धोखेधड़ी और जालसाजी की शिकायत लेकर एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि हल्दूचौड़ के एक सुनार ने सोने के आभूषण बनाने के नाम पर उनके साथ ठगी की है। आरोप लगाया कि सुनार नरेंद्र (नीरज) ने क्षेत्र के कई लोगों से रुपये व सोना चांदी लिया, लेकिन तय समय पर देने से पहले ही वह रफूचक्कर हो गया।
हल्द्वानी के गुजरौड़ा निवासी पुष्पा कन्याल ने बताया कि उन्होंने नीरज को एक लाख पिचासी हजार(1.85लाख)रुपये देकर 20ग्राम सोने का आभूषण बनाने को दिया था। सुनार ने उन्हें बीती 8 फरवरी को आभूषण देने को कहा था,लेकिन इससे पहले ही 6 फरवरी को नीरज दुकान बंद कर फरार हो गया। बताया कि तभी से नीरज का नंबर भी बन्द आ रहा है। घर पर उनकी पत्नी सामान वापस करने से इनकार कर रही है। कहा कि इसकी शिकायत सोमवार को मुखानी थाने में भी दी गई थी। इसके अतिरिक्त भी कई लोगों ने सुनार द्वारा उनके साथ धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाते हुए जल्द उसे पकड़े जाने की मांग की है।

