हल्द्वानीः- मरीज का शव न देने पर, चंदन अस्पताल पर कार्रवाई……. SSP का सख़्त रूख।

खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी भोटिया पड़ाव स्थित चंदन अस्पताल पर महिला मरीज के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। यही नहीं अस्पताल में महज 2 घंटे के पश्चात ही महिला की मौत हो गई, बावजूद इसके अस्पताल प्रबंधन द्वारा मृत महिला का शव परिजनों को सौंपने के एवज में 80 हजार का बिल जमा करने को कहा गया।                                                                                       मामले के SSP  मंजूनाथ टीसी के संज्ञान में आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को महिला का शव सौंप दिया।

मृतक महिला के परिजनों ने बताया कि अल्मोड़ा निवासी सीमा नामक महिला पहले से अस्वस्थ थी और रेफर किए जाने के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी लाई गई थी। इसके बाद उसे चंदन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मात्र दो घंटे के इलाज के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया गया।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने इलाज के नाम पर 80 हजार रुपये का बिल बना दिया और 57 हजार रुपये जमा कराने के बावजूद शव देने से इनकार कर दिया।

आर्थिक रूप से परेशान परिजन पूरी रात अस्पताल के चक्कर काटते रहे, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने महिला का शव परिजनों को सौंपा। SSP नैनीताल ने स्पष्ट किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित अस्पताल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


खबरें शेयर करें -