सऊदी अरब में कथित तौर पर फंसे एक भारतीय मजदूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने राजनयिक हस्तक्षेप किया है।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के हंडिया का रहने वाला बताया जा रहा यह युवक वीडियो में परेशान दिख रहा है और दावा कर रहा है कि उसके एम्प्लॉयर जिसकी पहचान कपिल के रूप में हुई है, उसने उसका पासपोर्ट जब्त कर लिया है और उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से घर वापसी में मदद की गुहार लगाता है और कहता है, “कृपया मेरी मदद करें, मैं मर जाऊंगा।” वीडियो के साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी अपील की गई है। पोस्ट में लिखा था, “माननीय विदेश मंत्री, कृपया तत्काल संज्ञान लें। प्रयागराज के प्रतापपुर के हंडिया निवासी एक युवक सऊदी अरब में फंसा हुआ है।”

