खटीमा एक बार फिर से बाघ द्वारा एक बुजुर्ग व्यक्ति को मार डालने की खबर सामने आ रही है। खटीमा क्षेत्र के गांव बग्गा चौवन में बाघ ने एक बुजुर्ग को मार डाला। ये दर्दनाक घटना रविवार की बताई जा रही है।
जिससे क्षेत्र वासियों में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक,,,,,, शेर सिंह कन्याल (73) रविवार को अपने जानवर चुगाने के लिए जंगल में गए हुए थे। शाम को उनके घर न लौटने पर उनकी खोजबीन शुरू हुई, तो जंगल में झाड़ियों के पास उनका शव बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मौका मुआयना किया। विभाग द्वारा ग्रामीणों को जंगल में न जाने के लिए कहा गया है। बुजुर्ग के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरूआती जांच में मामला बाघ के हमले का बताया जा रहा है। जिसके बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है।
इस घटना के बाद से गांव में डर का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में बाघ की सक्रियता को देखते हुए सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

