उत्तर भारत में सर्द हवाओं
का दौर शुरू हो गया है, जबकि दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्व मानसून ने दस्तक दे दी है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी सहित कई दक्षिणी राज्यों में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। अरब सागर में चक्रवाती परिसंचरण बनने से यह बारिश और तेज हो सकती है। IMD के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में 30 अक्तूबर तक बादलों की आवाजाही जारी रहेगी।
इस बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है। खासकर उत्तराखंड में अगले दो दिन तक बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे पहाड़ी राज्यों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तर पूर्व मानसून के कारण कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र के दक्षिणी हिस्से, केरल, तेलंगाना और तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश देखने को मिल सकती है। इसके अलावा लक्षद्वीप और पुडुचेरी पर भी इसका प्रभाव होगा। मौसम विभाग ने इस सभी जगहों पर बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
