नैनीताल उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) सोमवार को सरोवर नगरी नैनीताल के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दौरा कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
राज्यपाल ने सबसे पहले प्रसिद्ध मां नैना देवी मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए। विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने कहा:
“नैना देवी मंदिर में कदम रखते ही एक अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अहसास होता है। जब भी मैं यहाँ आता हूँ, मुझे एक अलग ही आशीर्वाद और असीम आनंद की प्राप्ति होती है।”
मंदिर में दर्शन करने के पश्चात राज्यपाल नैनीताल झील के समीप स्थित पवित्र गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। वहाँ उन्होंने पूरी श्रद्धा के साथ मत्था टेका और अरदास की। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधन से मुलाकात कर वहाँ की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
गुरुद्वारा साहिब की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि नैनीताल झील के पास स्थित यह पवित्र स्थल अपनी सुंदरता और शांत आध्यात्मिक वातावरण के लिए एक विशेष पहचान रखता है।
दौरे के अंत में राज्यपाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इन दोनों पवित्र स्थलों पर आकर उनकी आत्मा ऊर्जा से भर जाती है। ऐसे धार्मिक और आध्यात्मिक स्थान इंसान को विशेष आस्था, सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक संतोष से भर देते हैं, जिससे जीवन में एक नई प्रेरणा मिलती हैं।
