पिथौरागढ़ एक सनसनीख़ेज मामला सामने आया है। शनिवार की सुबह एक व्यक्ति अपनी पत्नी की हत्या कर खून से सने कपड़ों के साथ पुलिस थाने में पहुंच गया। पुलिस के पास पहुंचकर उसने पत्नी की हत्या का जुर्म कबूल किया। इस दुस्साहस से पुलिस भी हैरान,सकते में आ गई।
SP रेखा यादव ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि आज सुबह करीब 7 बजे एक व्यक्ति ने खुद थाना आकर कबूल किया कि उसने अपनी पत्नी की गला दबाकर और चाकू मारकर हत्या कर दी है। जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल जाखनी क्षेत्र स्थित मकान पर पहुंची। कमरे के भीतर बिस्तर पर महिला का शव पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने संबंधित इलाके को सील कर दिया और साक्ष्य संकलन के लिए फोरेंसिक टीम (फील्ड यूनिट) को मौके पर बुलाया।
आरोपी पति की पहचान राजेश राम लावड़, जो कि मूल रूप से मूनाकोट ब्लॉक के कानड़ी गांव का निवासी है। वह वर्तमान में पिथौरागढ़ नगर के जाखनी क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शनिवार तड़के पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर सुबह करीब 4:30 बजे राजेश ने पत्नी नीलम (30) पर चाकू से हमला कर दिया और गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने फिलहाल शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

