दिल्ली-एनसीआर से दीपावली मनाने परिवारों के साथ अपने गांव और पैतृक शहरों को निकले लोगों के वाहनों के बढ़ते दबाव से यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर रविवार सुबह से ही वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे पहले, शनिवार को भी ऐसे हालात बने थे। इस दौरान लोगों के टोल पार करने में पांच से दस मिनट तक का इंतजार करना पड़ा। टोल प्रबंधन ने दीपावली पर वाहनों के बढ़ने वाले दबाव की आशंका को देखते हुए ग्रेटर नोएडा से आगरा की तरफ जाने वाली दो पहिया और चार पहिया वाहनों की सभी लेन सुबह से ही चालू कर रखी थी, लेकिन शनिवार सुबह और शाम को वाहनों की लंबी कतारे लगी रहीं। दीपावली, गोवर्धन पूजा व भाई दूज का त्योहार मनाने के लिए दिल्ली, गाजियाबाद, गुरुग्राम सहित एनसीआर से लोग बड़ी संख्या में शनिवार सुबह से ही यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते अपने घरों के लिए निकलना शुरू हो गए। लगातार पहुंच रहे वाहनों की वजह से टोल बूथों पर वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई। टोल प्रबंधन ने बताया कि कुछ वाहनों पर लगे फास्टैग में लो बेलैंस और ब्लैक लिस्ट होने की वजह से टोल नहीं कटने के चलते परेशानी आई। हालांकि टोल प्रबंधन ने दो पहिया की तीन लेन चार पहिया कि सभी 11 लेनों को सुबह से चालू कर रखा था। बैलेंस और ब्लैक लिस्ट फास्टैग वाले वाहनों से नगद टोल वसूली और कार्ड से पेमेंट कराने के लिए अलग से कर्मचारी तैनात किए गए थे।

