विवाह समारोह में फिजूलखर्ची पर रोक, महंगे होटल और आयोजन क्षेत्रों पर भी रोक….. होगा 1 लाख का जुर्माना।

खबरें शेयर करें -

देहरादून।  एक महत्वपूर्ण फैसला करते हुए, फ़िज़ूलखर्ची पर लगाम लगाने के दृष्टिकोण से देहरादून के खत शिलगांव के पंचरा-भंजरा स्थित महासू देवता मंदिर में ग्रामीणों ने बैठक की। इस बैठक में महंगे होटलों, पार्क आदि में विवाह का आयोजन करने पर रोक लगा दी गई। इसके अलावा महिलाओं के अत्यधिक गहने पहनने को भी प्रतिबंधित कर दिया गया।                                                               अनावश्यक खर्च और समाज में समानता का दृष्टिकोण रखते हुए,खत स्याणा तुलसी राम शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में फिजूलखर्ची पर रोक लगाने पर चर्चा हुई। बैठक में सभी उपस्थिति लोगो की सहमति से यह तय किया गया कि शादी-विवाह के सभी आयोजन गांव व घरों में ही संपन्न कराए जाएंगे। आयोजन विवाह स्थल, महंगे पार्क, होटल व फार्म आदि में संपन्न नहीं कराए जाएंगे। इसके अलावा महिलाओं को विवाह में सिर्फ़ 3 गहने पहनने की इजाजत दी गई है। DJ, फास्ट फूड व बीयर पर भी आयोजनों में रोक लगाई गई है।

घर में प्रथम विवाह पर न्यौते के तौर पर अधिकतम 100 रुपये दिए जाने और कन्यादान में अपनी सामर्थ्य, इच्छा के अनुसार देने का निर्णय भी बैठक में लिया गया। बैठक में यह चेतावनी भी दी गई यदि कोई भी ग्रामीण फैसले को नहीं मानेगा तो उसपर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ उसका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। इस फैसले को एक मील के पत्थर के रूप में देखा जा रहा है।


खबरें शेयर करें -