उत्तराखंड नव वर्ष की दस्तक के साथ मौसम हुआ बेईमान। साल के पहले ही दिन पहाड़ों पर हुई बर्फबारी। जबकि मैदानी इलाकों में छाया रहा घना कोहरा और ठंड लोगों को परेशान कर रही है।
उत्तराखंड में चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों नीति घाटी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। बर्फबारी के बाद पहाड़ों में ठंड और बढ़ गई है, वहीं पाले की वजह से जनजीवन पर भी असर दिखने लगा है। वहीं दूसरी ओर, देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल के निचले इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता कम होने से यातायात भी प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग के मुताबिक,,,,,, आज बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 2 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है।
इसके साथ ही हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी के निचले क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी देहरादून में ठंड के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी चिंता बढ़ा रहा है। गुरुवार को यहां AQI 176 दर्ज किया गया, जो खतरनाक श्रेणी में आता है। इससे एक दिन पहले AQI 250 के पार पहुंच गया था।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 3 और 4 जनवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद 5 जनवरी को एक बार फिर मौसम बदल सकता है। वहीं 6 और 7 जनवरी को मौसम के फिर से शुष्क रहने की संभावना है।
5 जनवरी तक खासतौर पर मैदानी इलाकों में सुबह और रात के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सामान्यतः साफ बना रहेगा।

