त्रिस्तरीय पंचायतों के खाली पदों के लिए आज उत्तराखंड में उपचुनाव का मतदान शुरू हो गया। राज्य चुनाव आयोग ने मतदान का समय प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक निश्चित किया है।
उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव को लेकर सभी तैयारियाँ पहले ही पूरी कर ली थीं। इस उपचुनाव में कुल 321 पदों पर मतदान हो रहा है, जिसके लिए 2,266 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं 27,221 प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
आयोग ने पंचायतों के कुल 32,985 रिक्त पदों पर उपचुनाव के लिए 11 नवंबर को अधिसूचना जारी की थी।
इन चुनावों को लेकर राज्यभर में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कई जगह सुबह से ही मतदाता ,मतदान केंद्रों पर पहुँचने लगे। बुजुर्गों और युवाओं दोनों में मतदान के प्रति जोश नजर आ रहा है। किच्छा के शांतिपूरी ग्रामसभा-1 में वार्ड सदस्य पद के लिए मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है।
रुद्रप्रयाग जिले की बजीरा वार्ड में भी मतदान जारी है, जहाँ भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर देखी जा रही है।

