दिल्ली सहित एनसीआर में दीपावली से पहले प्रदूषित हवा दम घोंट रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, रविवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘खराब’ श्रेणी में 282 और इंडिया गेट के आसपास एक्यूआई 269 रिकॉर्ड किया गया। राजधानी स्थित आईटीओ के आसपास आज सुबह एक्यूआई 284 दर्ज किया गया है, जो ‘खराब’ श्रेणी में है। वहीं, बारापुला में ‘खराब’ श्रेणी में एक्यूआई 290 दर्ज किया गया। इसके अलावा दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के पास एक्यूआई 426 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में है। प्रदूषण पर काबू पाने के लिए इंडिया गेट के पास पानी की फुहारों का झिड़काव किया जा रहा है।

