हल्द्वानी: कलसिया पुल के पुनर्निर्माण के लिए हटा अतिक्रमण, मानसून से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य।

खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी (काठगोदाम): काठगोदाम स्थित कलसिया पुल के स्थायी निर्माण का रास्ता साफ करने के लिए प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से पुल के आसपास के अवैध कब्जों और अस्थाई निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

अधिकारियों के मुताबिक, पुल निर्माण शुरू करने के लिए अतिक्रमण हटाना बेहद जरूरी था। इसके लिए पहले ही नोटिस दिए गए थे, लेकिन तय समय में कब्जा न हटने पर प्रशासन को एक्शन लेना पड़ा।

लगातार बारिश के कारण यह पुल लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। फिलहाल कुमाऊं मंडल के छह जिलों की यातायात व्यवस्था एक वैकल्पिक बेली ब्रिज के सहारे चल रही है।

सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि मानसून आने से पहले स्थायी पुल का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बनने से कुमाऊं की यातायात व्यवस्था सुरक्षित और सुगम हो जाएगी और लोगों को जाम व दिक्कतों से बड़ी राहत मिलेगी।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम और स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।


खबरें शेयर करें -