काशीपुर के मंदिरों में लगातार चोरियाँ, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल।

खबरें शेयर करें -

काशीपुर (उत्तराखंड): नगर के मंदिरों में पिछले एक महीने से हो रही लगातार चोरियों से स्थानीय नागरिकों और भक्तों में भारी आक्रोश है। चोरों ने मुख्य रूप से कटोराताल पुलिस चौकी क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक मंदिरों को निशाना बनाया है।

हाल ही में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने शमशान घाट रोड स्थित प्राचीन गंगे बाबा मंदिर से नाग देवता की मूर्ति, कलश और तांबे का लोटा चोरी कर लिया। इसी रात नागनाथ मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर हजारों रुपये कैश और मूर्तियों पर लगे कलश चोरी कर लिए गए। इससे पहले भी मानपुर रोड शिव मंदिर और रामनगर रोड नागन शक्ति मंदिर में ऐसी ही चोरियाँ हो चुकी हैं। यहाँ तक कि चोरों ने स्टेडियम के पास एक पान-बीड़ी की दुकान को भी नहीं बख्शा।

स्थानीय लोगों का मानना है कि इन चोरियों के पीछे नशेड़ियों का हाथ है, जो अपनी लत पूरी करने के लिए वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। जनता का आरोप है कि पुलिस केवल सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेती है और अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और मंदिरों की सुरक्षा कड़ी करने की माँग की है।


खबरें शेयर करें -