पिथौरागढ़ : गुटबाजी के चलते कांग्रेस सम्मेलन में बवाल, महिला जिलाध्यक्ष बर्खास्त।

खबरें शेयर करें -

पिथौरागढ़ में आयोजित कांग्रेस के ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ के दौरान उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में ही कुछ कार्यकर्ताओं ने वर्तमान विधायक मयूख महर के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस तीखे विरोध से नाराज होकर विधायक बीच में ही कार्यक्रम छोड़कर चले गए, जिसके बाद माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।               मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए प्रदेश कांग्रेस संगठन ने अनुशासनहीनता और गुटबाजी के खिलाफ तत्काल सख्त एक्शन लिया है। पार्टी ने इस हंगामे के जिम्मेदार तीन नेताओं—महेंद्र सिंह लुंठी, दीपक लुंठी और भावना नगरकोटी को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है।                          इसके साथ ही सबसे बड़ी गाज महिला कांग्रेस की पिथौरागढ़ जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी पर गिरी है, जिन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटाते हुए पूरी जिला कार्यकारिणी को ही भंग कर दिया गया है। पार्टी ने साफ संदेश दिया है कि संगठन में किसी भी प्रकार की गुटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


खबरें शेयर करें -