हल्द्वानी घरेलू गैस की किल्लत के चलते लोगों का गुस्सा अब फूट पड़ा है। जो कि अब सड़कों पर नजर आने लगा है। आज बड़ी संख्या में शहर के बुजुर्गगण हल्द्वानी SDM कोर्ट में पहुंच गए, जहां उन्होंने गैस की कालाबाजारी और सप्लाई में हो रही देरी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
बुजुर्ग प्रदर्शनकारियों ने SDM कोर्ट में नारेबाजी करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट AP वाजपेयी को ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द गैस आपूर्ति बहाल करने की मांग की। लोगों का कहना है कि बिठौरिया नंबर 1 के देवकी विहार, तिवारी कॉलोनी सहित कई इलाकों में पिछले 15 दिनों से इंडियन गैस की सप्लाई नहीं हुई है। इससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और मजबूरन इंडक्शन पर खाना बनाना पड़ रहा है।
वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि इंडियन गैस काठगोदाम और हल्द्वानी एजेंसी द्वारा रोस्टर जारी किया गया है। जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग 25 मार्च या उससे पहले की है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि सभी क्षेत्रों में जल्द से जल्द गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। फिलहाल, प्रशासन के आश्वासन के बावजूद लोगों को राहत मिलने का इंतजार है।
