हल्द्वानी पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने नैनीताल रोड स्थित ‘एम.जे. द लग्जरी स्पा सेंटर’ में चल रहे अनैतिक व्यापार (देह व्यापार) का पर्दाफाश किया है। पुलिस को इस स्पा सेंटर के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। जिसके बाद मुखबिर की सूचना पर 11 जून की शाम टीम ने वहां छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान मौके से एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें स्पा मैनेजर, एक ग्राहक और अन्य सहयोगी शामिल हैं, जबकि स्पा संचालक मौके से फरार हो गया जिसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके अलावा, वहां से छह युवतियों को रेस्क्यू (मुक्त) कर काउंसलिंग के बाद हल्द्वानी के वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। पुलिस ने कोतवाली हल्द्वानी में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
हल्द्वानी: स्पा की आड़ में चल रहे अनैतिक गतिविधियों के सेंटर पर पुलिस का छापा।
