हल्द्वानी सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परिसर में रखे एक चूहे के पिंजरे में एक जहरीला कोबरा सांप फंसा हुआ पाया गया। माना जा रहा है कि कोबरा चूहे का शिकार करने के इरादे से पिंजरे के भीतर घुसा था, लेकिन शिकार के चक्कर में वह खुद ही वहां कैद हो गया।
जैसे ही कॉलेज स्टाफ और छात्रों की नजर पिंजरे में फड़फड़ाते कोबरा पर पड़ी, वहां हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और स्नेक कैचर टीम को दी गई। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम के सदस्य सुभाष चंद्र ने बेहद सूझबूझ और सावधानी से कोबरा को पिंजरे से बाहर निकाला और सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे नजदीकी जंगल में छोड़ दिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
