नैनीताल भारत मौसम विज्ञान विभाग (Dehradun) द्वारा 2 और 3 जुलाई को नैनीताल जिले में भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम की इस गंभीर चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों, आईआरएस प्रणाली के अधिकारियों और तहसील स्तर पर क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को पूरी तरह मुस्तैद और हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। संभावित भूस्खलन और पेड़ गिरने से प्रभावित होने वाले संवेदनशील रास्तों पर लोक निर्माण विभाग को 24 घंटे जेसीबी मशीनें और कर्मचारी तैनात रखने को कहा गया है, साथ ही सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर रहकर हर घंटे आपदा नियंत्रण कक्ष को रिपोर्ट करने के आदेश हैं। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इस दौरान अनावश्यक यात्राओं से बचें और नदी-नालों या भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास न जाएं; किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिक जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के टेलीफोन नंबरों 05942-231178, 231179, 231181, मोबाइल नंबर 8272080884 अथवा टोल-फ्री नंबर 1077 पर तुरंत संपर्क कर सकते हैं।
नैनीताल : भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’,,,,,,, प्रशासन हाई अलर्ट पर, जनता से सुरक्षित रहने की अपील।
