काकड़ीघाट क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दुखद मामला सामने आया है। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार्नसा के पास स्थित प्रसिद्ध गुप्तेश्वर मंदिर के महंत कृष्णा गिरी (54 वर्ष) का शव शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु हमेशा की तरह मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुँचे, तो वहाँ का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मंदिर परिसर के भीतर महंत कृष्णा गिरी का शव फंदे पर झूल रहा था। ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना खैरना पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन कर रही है।
महंत की इस तरह अचानक हुई संदिग्ध मौत से स्थानीय जनता और श्रद्धालुओं में गहरा गुस्सा है। ग्रामीणों का साफ तौर पर कहना है कि यह आत्महत्या का मामला नहीं लग रहा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात तत्व द्वारा महंत की हत्या की गई है और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाया गया है। क्षेत्र के लोग जल्द से जल्द मामले का पर्दाफाश करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
