लालकुआं। मोटाहल्दू क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कक्षा 10 की एक छात्रा स्कूल से घर लौटते समय अचानक लापता हो गई। मामला उस समय और भी गंभीर हो गया जब झाड़ियों के बीच छात्रा की स्कूल ड्रेस बरामद हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, मोटाहल्दू स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा रोज की तरह छुट्टी के बाद घर के लिए निकली थी। महावीर औद्योगिक संस्थान क्षेत्र निवासी सतीश उपाध्याय की पुत्री ललिता उपाध्याय को घर पहुंचने के लिए काली मंदिर के पास झाड़ियों वाले रास्ते से गुजरना पड़ता है। इसी रास्ते में वह संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई।
कुछ समय बाद उसी मार्ग के पास झाड़ियों में छात्रा की स्कूल ड्रेस मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया।
सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, लालकुआं कोतवाली प्रभारी ब्रजमोहन सिंह राणा और हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी शंकर सिंह नयाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है, जबकि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
फिलहाल छात्रा का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में डर और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।
