हल्द्वानी वार्ड नंबर 48 मल्ली बमौरी में लावारिस कुत्तों ने 2 दिन में बलवंत कॉलोनी, बल्यूटिया फार्म, कपिल विहार, लक्ष्मी विहार, श्री कृष्ण विहार, त्रिलोक नगर आदि क्षेत्रों में लगभग 15 लोगों को काट कर जख्मी कर दिया है । सूचना पर नगर निगम की डॉग कैचर्स की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावर कुत्ते के ना मिल पाने पर खाली हाथ वापस लौट गई।
पार्षद मुकुल बल्यूटिया (वार्ड 48) ने बताया कि सोमवार की देर शाम उन्हें सूचना मिली कि अपने वार्ड में लावारिस कुत्ते द्वारा आठ से दस लोगों को काट दिया है। अगले दिन मंगलवार को उन्होंने मामले की जानकारी नगर निगम के अधिकारियों को देकर हमलावर कुत्ते को पकड़ने की बात कही, लेकिन उनकी शिकायत पर नगर निगम द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। बुधवार की सुबह फिर हमलावर कुत्ते ने 6,7 लोगों को काट खाया। बच्चे को स्कूल बस में छोड़कर वापस लौट रही बुजुर्ग महिला गीता पंत पर झपटे कुत्ते ने उन्हें बुरी तरह जख्मी कर दिया। वह तो गनीमत रही कि उनके साथ छोटा बच्चा नहीं था वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। महिला को कुत्ते द्वारा काटे जाने का वीडियो भी सामने आया है। वहीं अपने पालतू कुत्ते को घूमने निकले दो नहरिया बलवंत कॉलोनी निवासी पूरन सिंह भोज को भी लावारिस कुत्ते के बुरी तरह काट खाया। कुत्ते ने उनके चेहरे पर हमला कर उनकी नाक और मुंह को बुरी तरह जख्मी कर दिया। वहीं कुत्ते के हमले में घायल पार्षद के भाई विनीत बल्यूटिया निजी अस्पताल में भर्ती हैं,जहां उनका उपचार चल रहा है।
पार्षद मुकुल ने बताया कि लोगों पर हमला करने वाला कुत्ता पागल है। आज फिर से कुत्ते द्वारा लोगों को काटे जाने के बाद नगर निगम की डॉग कैचर्स की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कुत्ता न मिलने पर वापस लौट गई।

