हल्द्वानी वुडलैंड्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हिम्मतपुर तल्ला, हल्द्वानी में आज मदर्स डे का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ किया गया। कार्यक्रम में किंडरगार्टन से लेकर कक्षा दो तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से माँ की ममता, त्याग और स्नेह का भावपूर्ण चित्रण किया। बच्चों की भावनात्मक प्रस्तुतियों ने उपस्थित माताओं एवं अभिभावकों को भावविभोर कर दिया तथा पूरा वातावरण मातृ प्रेम से सराबोर हो उठा।
इस विशेष अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी की विभागाध्यक्ष (बाल रोग विभाग) एवं प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋतु रखोलिया जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। डॉ. रखोलिया जी ने “स्वस्थ माँ, स्वस्थ परिवार” विषय पर अपने प्रेरणादायक विचार अभिभावकों के साथ साझा किए। उन्होंने माताओं को बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, संतुलित आहार, दिनचर्या तथा सकारात्मक पालन-पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में अभिभावकों ने बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. रखोलिया जी ने सरल एवं उपयोगी सुझावों के साथ समाधान किया।
इस अवसर पर पार्षद महोदय श्री चंद्र प्रकाश जी एवं डॉ. ऋतु रखोलिया जी द्वारा विद्यालय के बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पुस्तक मेले का आयोजन भी किया गया, जिसमें बच्चों एवं अभिभावकों ने विभिन्न प्रकार की ज्ञानवर्धक पुस्तकों, जैसे स्टोरी बुक्स, पौराणिक कथाएँ, मिथोलॉजी तथा उपन्यास आदि में विशेष रुचि दिखाई।
अभिभावकों ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए विद्यालय की संस्कारयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रणाली की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय की व्यवस्थापिका महोदया श्रीमती रंजना धौनी, अकादमिक निदेशिका श्रीमती लता खोलिया, प्रधानाध्यापिका श्रीमती मनदीप कौर, बोर्ड कोऑर्डिनेटर श्रीमती पूनम जोशी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
