बिठौरिया यूनाइटेड फुटबॉल क्लब द्वारा फीफा विश्व कप 2026 के ग्रैंड फाइनल का भव्य आयोजन।

खबरें शेयर करें -

बिठौरिया यूनाइटेड फुटबॉल क्लब द्वारा रविवार, 19 जुलाई

2026 को देवदुर्गा वेडिंग पॉइंट, लालडांठ रोड, हल्द्वानी में फीफा विश्व कप 2026 के ग्रैंड फाइनल स्पेन बनाम अर्जेंटीना का सीधा प्रसारण विशाल LED स्क्रीन पर कराया गया। इस भव्य आयोजन में लगभग 180 फुटबॉल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में छोटे बच्चों, युवाओं, महिलाओं, अभिभावकों एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

मैच के दौरान पूरा माहौल किसी स्टेडियम से कम नहीं था। कुछ दर्शक अर्जेंटीना टीम का समर्थन कर रहे थे, जबकि अन्य स्पेन की टीम के पक्ष में अपनी टीम का उत्साहवर्धन कर रहे थे। दोनों टीमों के समर्थकों ने पूरे मैच के दौरान खेल भावना का परिचय देते हुए खिलाड़ियों का जोरदार हौसला बढ़ाया। विश्व स्तरीय मुकाबले का रोमांच सभी दर्शकों के चेहरों पर साफ दिखाई दे रहा था।

इस आयोजन के मुख्य आयोजक वीरु कालाकोटी, ओनर, बिठौरिया यूनाइटेड फुटबॉल क्लब, एवं उनकी टीम रही। वीरु कालाकोटी ने बताया कि वर्ष 2022 में भी क्लब द्वारा फ्रांस बनाम अर्जेंटीना फीफा विश्व कप फाइनल का सफलतापूर्वक विशाल LED स्क्रीन पर सीधा प्रसारण कराया गया था। चार वर्ष बाद एक बार फिर क्लब ने फुटबॉल प्रेमियों के लिए इसी प्रकार का भव्य आयोजन कर विश्व कप फाइनल का सामूहिक आनंद लेने का अवसर प्रदान किया।

वीरु कालाकोटी ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं में फुटबॉल के प्रति रुचि, खेल भावना, अनुशासन एवं आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को विश्व स्तरीय फुटबॉल से जोड़ने और खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर क्लब ने सभी अभिभावकों, खिलाड़ियों, दर्शकों, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के खेल आयोजनों के माध्यम से फुटबॉल को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया।


खबरें शेयर करें -