हल्द्वानी: महंगाई और चीनी के बढ़ते दामों के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन: राहगीरों को पिलाई फीकी चाय।

खबरें शेयर करें -

उत्तराखंड   हल्द्वानी स्थित बुद्ध पार्क में त्यौहारों के ऐन वक्त से पहले बढ़ती महंगाई और चीनी के उछलते दामों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।                                          हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और राहगीरों व स्थानीय लोगों को बिना चीनी की फीकी चाय पिलाई गई। नेताओं ने कहा कि यह फीकी चाय महज विरोध दर्ज कराने का जरिया नहीं, बल्कि महंगाई के कारण आम जनता की जिंदगी से छिन चुकी मिठास की प्रतीक है। प्रदर्शन में शामिल महानगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट और स्थानीय नेता ललित जोशी ने भी लोगों को अपने हाथों से फीकी चाय पिलाई और सरकार पर करारा हमला बोला। ललित जोशी और गोविंद बिष्ट ने कहा कि देश में महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है; एथेनॉल नीतियों और चीनी की आसमान छूती कीमतों की दोहरी मार से आम जनता बेहद त्रस्त है और रोने को मजबूर है।                                          विधायक सुमित हृदयेश ने रसोई के बढ़ते बजट, जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि दामों पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया गया तो पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन छेड़ा जाएगा, वहीं दूसरी तरफ सरकार का दावा है कि चीनी की कृत्रिम कमी को रोकने के लिए बाजार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


खबरें शेयर करें -