हल्द्वानी: ससुराल पक्ष के उत्पीड़न से तंग आकर गर्भवती महिला ने की खुदकुशी, सुसाइड वीडियो आया सामने।

खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी। दमुआढूंगा (वार्ड 35) में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक शादीशुदा महिला मनीषा ने मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बेहद दुखद बात यह है कि मृतका 6 महीने की गर्भवती थी, जिसके कारण गर्भ में पल रहे मासूम शिशु की भी मौत हो गई।

घटना की जानकारी देते हुए मृतका के भाई संजय ने बताया कि मनीषा को उसकी सास और ननद लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थीं। इसी रोज-रोज के उत्पीड़न और कलह से तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया।

आत्महत्या करने से ठीक पहले मनीषा ने एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जो अब इस मामले का सबसे बड़ा सबूत बन चुका है। वीडियो में उसने सीधे तौर पर अपनी सास को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। मनीषा ने रोते हुए कहा:

“मैं अपने बच्चों के लिए जीना चाहती हूँ, लेकिन मेरी सास मुझे जीने नहीं दे रही।”

मिली जानकारी के मुताबिक, मनीषा का एक 3 साल का बेटा भी है, जिसके सिर से अब माँ का साया उठ चुका है। वारदात के वक्त महिला का पति घर पर मौजूद नहीं था, वह एक स्थानीय रेस्टोरेंट में काम करता है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस सुसाइड वीडियो और भाई के बयानों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।


खबरें शेयर करें -