रानीखेत (अल्मोड़ा): उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक राहत भरी खबर सामने आई है, जहाँ रानीखेत के मजखाली इलाके से बीते 1 जुलाई से लापता एक 28 वर्षीय युवती को छह दिनों के कड़े संघर्ष के बाद आखिरकार सुरक्षित बचा लिया गया है। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद जब युवती का सुराग नहीं मिला, तो 4 जुलाई को सूचना मिलते ही SDRF की सरियापानी टीम ने मोर्चा संभाला। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश, बेहद दुर्गम रास्तों और घने जंगलों की चुनौतियों को पार करते हुए जवानों ने मजखाली, कालिका और सुंदरखाल समेत कई इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। 7 जुलाई की शाम करीब 4.30 बजे युवती सुंदरखाल गाँव से 5 किलोमीटर दूर जंगल में घायल और बेहद कमजोर हालत में मिली। जांबाज जवानों ने तुरंत मौके पर ही उसे प्राथमिक उपचार दिया और स्ट्रेचर के सहारे 5 किलोमीटर पैदल पहाड़ी रास्ता तय कर मुख्य सड़क तक पहुँचाया। जहाँ से एम्बुलेंस द्वारा उसे इलाज के लिए राजकीय चिकित्सालय रानीखेत भेजा गया। इस साहसिक और सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह और युवती के परिजनों ने उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल की अगुवाई वाली SDRF टीम के अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा की जमकर सराहना की है।
घने जंगलों में 6 दिनों तक जिंदगी की जंग, SDRF ने 28 वर्षीय युवती को सुरक्षित निकाला।
