गौला नदी के उफान में बही 2 चिताएं, पुलिस ने बढ़ाई चौकसी।

रानीबाग पहाड़ी इलाकों में जारी मूसलाधार बारिश के कारण हल्द्वानी के रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर मंगलवार को एक भीषण हादसा हो गया। गौला नदी का जलस्तर अचानक तेजी से बढ़ने और घाट के किनारे तक पानी आ जाने की वजह से अंतिम संस्कार के लिए जल रही दो चिताएं शवों के साथ बह गईं।                                   बहने वाले शवों में गौलापार की 95 वर्षीया लीलावती देवी और रुद्रपुर के एक परिवार द्वारा अंतिम संस्कार किया जा रहा एक अन्य शव शामिल था। घटना के बाद घाट पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई; हालांकि स्थानीय लोगों और परिजनों ने बह गए शवों को खोजने का प्रयास किया, लेकिन उफनती नदी के तेज बहाव के कारण देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका। इस हादसे के बाद हरकत में आई पुलिस ने गौला नदी के तटवर्ती और संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाते हुए लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।                                                         SP सिटी मनोज कुमार कत्याल ने सभी से नदी किनारे न जाने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।