ग्राम पंचायत जंगलिया में दिन-दहाड़े बाघ की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाल ही में बाघ ने मदन सिंह पड़ियार के कुत्ते पर अचानक जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। खून से लथपथ कुत्ता जान बचाने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज के बरामदे में जा पहुंचा, जिससे स्कूल में मौजूद बच्चों और शिक्षकों के बीच डर का माहौल बन गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रधानाचार्य बालम सिंह रैकवाल ने ग्राम प्रधान राधा कुल्याल और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद ग्राम प्रधान के माध्यम से खबर मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से वन विभाग से पुख्ता कदम उठाने की मांग की है, साथ ही अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को खुद स्कूल छोड़ें व लाएं और सभी ग्रामीण समूह में ही आवाजाही करें।
जंगलिया गांव में बाघ का खौफ: हमले में कुत्ते को किया घायल, स्कूल परिसर में मची अफरा-तफरी।
