हल्द्वानी: बनभूलपुरा में बिजली चोरी के खिलाफ सुबह 5 बजे से बड़ी कार्रवाई, 108 FIR दर्ज।

हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में भारी लाइन लॉस (50 से 55 प्रतिशत) की शिकायतों के बाद विद्युत विभाग और पुलिस की टीमों ने सोमवार को सुबह ठीक पांच बजे से ही किदवई नगर, इंदिरा नगर और आज़ाद नगर समेत कई चिन्हित इलाकों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।                                                    इस औचक कार्रवाई के दौरान कटिया डालकर बिजली का अवैध इस्तेमाल करने और मीटरों से छेड़छाड़ करने वाले मामलों में करीब 108 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए संबंधित मीटर सीज किए गए। कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने बताया कि भविष्य में ऐसी चोरी रोकने के लिए घरों के अंदर लगे मीटरों को बाहर शिफ्ट करने, सामान्य केबल की जगह आर्मर्ड केबल और स्मार्ट मीटर लगाने की ठोस योजना बनाई गई है। शांतिपूर्ण ढंग से चले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ईमानदार और नियमित रूप से बिल चुकाने वाले उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है।