लापता किशोरी सकुशल बरामद, शादी का झांसा देकर ब्लैकमेल करने वाले समेत दो गिरफ्तार।

ऊधमसिंहनगर जिले की सितारगंज पुलिस ने एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत महिला अपराध से जुड़े दो अलग-अलग गंभीर मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में, 24 अक्टूबर से लापता 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर रुद्रपुर के फुलसुंगी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है, और उसे भगाकर किराए के कमरे में रखने वाले 18 वर्षीय आरोपी रवि कश्यप उर्फ गोलू (निवासी सितारगंज) के खिलाफ अपहरण व पॉक्सो एक्ट की धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे 19 नवंबर की रात गिरफ्तार कर लिया।                                                                                            वहीं दूसरे मामले में, एक युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, बेहोशी की हालत में अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने के वांछित आरोपी सचिन द्विवेदी उर्फ सचिदानन्द (20, निवासी शाहजहांपुर) को पुलिस ने 19 नवंबर को बरेली के रोहिलखंड अस्पताल से दबिश देकर धर दबोचा। पुलिस ने दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।