रानीबाग में ब्लॉक स्तरीय युवा संसद का भव्य आयोजन, खुरपाताल जीजीआईसी बना विजेता।

हल्द्वानी के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीबाग में 21 नवंबर 2026 को विकासखंड भीमताल की ब्लॉक स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता संपन्न हुई, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड बाल संरक्षण अधिकार आयोग के सदस्य  योगेश सिंह रजवार उपस्थित रहे। इस प्रतियोगिता में जीजीआईसी भीमताल, खुरपाताल, पटवाडांगर, दोगड़ा और आमिया के विद्यार्थियों ने सांसद, मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष बनकर समसामयिक व जनहित के मुद्दों पर शानदार बहस की, जिसमें जीजीआईसी खुरपाताल प्रथम, जीजीआईसी दोगड़ा द्वितीय तथा जीजीआईसी पटवाडांगर तृतीय स्थान पर रहा जिन्हें मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।                                                                       योगेश सिंह रजवार ने बच्चों के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए बताया कि आगामी 26 नवंबर को जनपद के सभी आठ विकासखंडों की जिला स्तरीय प्रतियोगिता होगी और इसके बाद इसे प्रदेश स्तर पर ले जाने का प्रयास किया जाएगा ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिल सके। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी के सहायक प्राध्यापक  नवीन शर्मा, जिला समन्वयक एवं जीआईसी बेलपड़ाव के प्रवक्ता  नरेंद्र पंत, ब्लॉक समन्वयक श्रीमती मीना डंगवाल तथा निर्णायक मंडल के सदस्य श्री कौस्तुभानंद कर्नाटक, श्रीमती योगिता सिंह और श्रीमती आस्मा परवीन सहित विभिन्न स्कूलों के शिक्षक मौजूद रहे।                                                    मंच संचालन अध्यापक  गोपाल दत्त गुडवंत ने किया और अंत में मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा विभाग व शिक्षकों का आभार जताया।