नैनीताल भीमताल क्षेत्र से गंभीर प्रकरण सामने आया है। पति की हत्या की आरोपी नीलम उर्फ निर्मला और उसके प्रेमी सहयोगी मनीष मिश्रा को जमानत मिलने के बाद ये दोनों न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे हैं अथवा फरार बताए जा रहे है। न्यायालय द्वारा दोनों के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी कर 19 दिसंबर को अनिवार्य रूप से पेश करने के निर्देश दिये गये हैं। SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने इस प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए भीमताल थानाध्यक्ष को आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा दोनों जमानतदारों के बैंक खातों की गहन जांच करने के आदेश दिये हैं।
बताते चलें कि,,,,, रुद्रपुर निवासी अवतार सिंह की हत्या प्रकरण में उसकी पत्नी नीलम उर्फ निर्मला और मनीष मिश्रा पर धारा 302, 201, 120बी, 328, 404 तथा 411 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत है। यह मामला द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश की अदालत में विचाराधीन है। जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी सुशील कुमार शर्मा द्वारा 19 नवंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भेजे गये पत्र में स्पष्ट कहा गया कि दोनों आरोपित जमानत का दुरुपयोग कर फरार हो गये हैं, जिसके बाद मामला पुलिस की प्राथमिकता सूची में आ गया।
जानकारी के मुताबिक अब जमानतदारों पर भी गिरेगी गाज गिर सकती है। उक्त मामले में आरोपित नीलम के जमानतदार के रूप में गौलापार निवासी होमगार्ड कमला जोशी तथा दूसरे जमानतदार बिंदुखत्ता निवासी भवान सिंह ने 50-50 हजार रुपये जमानत धनराशि जमा की थी। बताया जा रहा है कि यह धनराशि प्रथमदृष्टया आरोपित नीलम ने ही उपलब्ध कराई हो सकती है। इसी कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दोनों जमानतदारों के बैंक खातों की जांच करने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही जिला कमांडेंट नैनीताल को होमगार्ड कर्मी पर लगे आरोपों की एक माह के भीतर जांच कर न्यायालय को अवगत कराने के निर्देश भी दिये गये हैं।

