हल्द्वानी – हमारे युवा किस मानसिक स्थिति वेदना से गुजर रहे हैं यह हम लोग और परिवार वाले समझ नहीं पा रहे हैं। शहर में एक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। बेहद होनहार 22
वर्षीय सचिन पलड़िया ने अज्ञात कारणों के चलते कमरे
में रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सचिन की
असामयिक मौत से परिवार, रिश्तेदारों सदमे में हैं। और क्षेत्रवासी शोक में है।
प्राप्त जानकारी में सचिन पलड़िया
मूल रूप से ग्राम सभा पिन्नौरा ट्यूना गांव, छोटा कैलाश
निवासी हरिश्चंद्र पलड़िया का पुत्र था। वह हल्द्वानी के
छड़ैल क्षेत्र में अपने चाचा के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा
था। यहीं से उसने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा
पूरी की। इसके बाद वह बनारस विश्वविद्यालय में बीए
की पढ़ाई के लिए चला गया। परिजनों ने बताया कि सचिन ने CDS की लिखित परीक्षा भी उत्तीर्ण कर ली थी। हाईस्कूल परीक्षा में उसने 93.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे और प्रदेश में 23वीं रैंक हासिल की थी।
घर में लगे CCTV कैमरे में शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे सचिन को बरामदे में रखी दराज से स्टूल निकालते हुए देखा गया था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह पहले से मानसिक रूप से परेशान था और आत्महत्या की योजना बना रहा था। शाम तक जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा अंदर से बंद होने पर परिजनों ने जबरदस्ती कुंडा तोड़ा, तो देखा कि सचिन कमरे में रस्सी के फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में उसे सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते जवान बेटे की मौत से परिवार सदमे में है।

