उत्तराखंड में आने वाले 2 दिनों में मौसम बदलने के आसार हैं। इन 2 दिनों में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 22 जनवरी को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। मैदानी इलाकों में कोहरा छाने से ठंड परेशान कर सकती है। उधर, 23 और 24 जनवरी को बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
केंद्र की ओर से विशेष प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए 23-24 जनवरी को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। इन दो दिनों में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है। जिसके चलते पर्वतीय इलाकों में शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है।
इसका असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा। हिदायत जारी करते हुए कहा, 23 जनवरी को भारी बर्फबारी होने से पर्वतीय जिलों के कुछ इलाकों में सड़कें बंद हो सकती है। ऐसे में अनावश्यक रूप से यात्रा करने से बचने की हिदायत दी गई है।

