अल्मोड़ा उत्तर भारत के अग्रणी नगर सहकारी बैंकों में शुमार अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लि. को भारतीय रिजर्व बैंक से मोबाइल बैंकिंग सेवा संचालित करने की स्वीकृति मिल गई है। बैंक की सुदृढ़ आर्थिक स्थिति, पारदर्शी कार्यप्रणाली, सुशासन तथा सुरक्षित आईटी संरचना को देखते हुए यह मंजूरी प्रदान की गई है।
बैंक के प्रधान कार्यालय लाला बाजार, अल्मोड़ा से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि वर्तमान में मोबाइल बैंकिंग सेवा के तकनीकी परीक्षण एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। परीक्षण प्रक्रिया पूर्ण होते ही यह सुविधा समस्त अंशधारकों और खाताधारकों के लिए शुरू कर दी जाएगी। बैंक प्रबंधन के अनुसार मोबाइल बैंकिंग सेवा प्रारंभ होने से ग्राहकों को घर बैठे बैंकिंग सुविधाएं प्राप्त होंगी। बैलेंस चेक, फंड ट्रांसफर, मिनी स्टेटमेंट सहित विभिन्न डिजिटल सेवाएं मोबाइल एप के माध्यम से उपलब्ध होंगी, जिससे बैंकिंग प्रक्रिया और अधिक सरल, सुरक्षित व पारदर्शी बनेगी। बैंक के प्रबंध निदेशक/सीईओ श्री पी.सी. तिवारी, उपाध्यक्ष डॉ. वसुधा पंत तथा अध्यक्ष सी.ए. महेश चन्द्र जोशी के साथ ही असिस्टेंट जनरल मैनेजर पवन जोशी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह बैंक के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने बताया कि मोबाइल बैंकिंग की स्वीकृति बैंक की मजबूत वित्तीय स्थिति और तकनीकी दक्षता का प्रमाण है।
बैंक संचालक मंडल, समस्त कर्मचारियों एवं ग्राहकों ने इस स्वीकृति के लिए भारतीय रिजर्व बैंक का आभार व्यक्त किया है।
बैंक प्रबंधन ने अंशधारकों, खाताधारकों एवं समस्त जनता को आश्वस्त किया है कि भविष्य में भी आधुनिक तकनीक और बेहतर सेवाओं के माध्यम से ग्राहकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।

