हल्द्वानी मुखानी थाना क्षेत्र के कुसुमखेड़ा स्थित एक होटल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक 30 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान लाल साहब पटेल के रूप में हुई है, जो यूपी के जौनपुर जिले का निवासी था।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को ‘डायल 112’ के माध्यम से सूचना मिली थी कि हनुमान मंदिर (कुसुमखेड़ा) के पास स्थित एक होटल में एक युवक मृत हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची मुखानी पुलिस ने जब जांच की, तो युवक का शव बाथरूम के फर्श पर पूरी तरह नग्न अवस्था में मिला।
होटल के मालिक सुशील जायसवाल ने पुलिस को बताया कि युवक सुबह 6:28 बजे होटल आया था और उसने कमरा लिया था। लेकिन रात करीब 8:00 बजे अचानक उसके कमरे से ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाने की आवाजें आने लगीं।
जब होटल स्टाफ ने मास्टर की (दूसरी चाबी) से दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा खौफनाक था। युवक बेसुध पड़ा हुआ था और पूरे कमरे व बाथरूम में चारों तरफ उल्टी बिखरी हुई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सुरक्षित रखवा दिया है।
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया:
मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
शनिवार को परिजनों के यहाँ पहुँचने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। इसके साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक आखिर किस सिलसिले में हल्द्वानी आया था।
