हल्दी स्टेशन पर मालगाड़ी बेपटरी: लालकुआं मार्ग छह घंटे रहा ठप।

सोमवार सुबह हल्दी रेलवे स्टेशन पर शंटिंग के दौरान मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए, जिसके कारण लालकुआं-दिल्ली रेल मार्ग पर यातायात लगभग छह घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा। इस हादसे से रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया और शताब्दी तथा गरीब रथ जैसी कई प्रमुख ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।                                         रुद्रपुर स्टेशन पर रुकी गरीब रथ एक्सप्रेस के यात्रियों को लालकुआं, हल्द्वानी और काठगोदाम तक सुरक्षित पहुँचाने के लिए रेलवे प्रशासन ने तुरंत सात विशेष बसों की व्यवस्था की। उधर काठगोदाम से रवाना होने वाली शताब्दी एक्सप्रेस को भी दो घंटे की देरी से चलाना पड़ा।                                     घटना की जानकारी मिलते ही इज्जतनगर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँचे और युद्धस्तर पर काम करते हुए शाम पाँच बजे तक डिब्बों को पटरी पर लाकर लालकुआं क्षेत्र में बाधित रेल सेवाओं को बहाल कर दिया।