हल्द्वानी प्रशासन की पूरी कोशिश है कि उपभोक्ताओं को व्यवस्थित ढंग से गैस सिलिंडर वितरण किया जाए । परंतु वहीं कुछ कर्मचारी लगातार कालाबाजारी, घटतौली से अव्यवस्था उत्पन्न कर रहे हैं।
बीते रोज़ सोमवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को सूचना प्राप्त हुई कि डहरिया के महेंद्र फोटो स्टूडियो के पास इंडेन गैस सिलेंडर का वितरण किया जा रहा है। इस दौरान गैस बांट रहे कर्मियों ने 10 भरे सिलेंडर यहां छोड़े और खाली सिलेंडर लिए बिना ही चलते बने। जिसके बाद आयुक्त ने ठेकेदार और संबंधित कर्मियों को तलब कर जानकारी ली। इस दौरान कोई भी खाली सिलेंडर लिए बिना 10 भरे सिलेंडर एक साथ रखने का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
कालाबाजारी का संदेह होने पर आयुक्त दीपक रावत ने केएमवीएन के महाप्रबंधक को सिलेंडर वितरण कर रहे आउटसोर्स कर्मचारी संदीप एवं अन्य प्रेमपाल सिंह ठाकुर, प्रमोद चौहान के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि गैस वितरण व्यवस्था को किसी भी दशा में प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। कालाबाजारी और घटतौली करने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा जिससे उपभोक्ताओं को बेवजह परेशानी का सामना न करना पड़े।
